*उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें : डीएम*
देवरिया, 01 अगस्त। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक इकाइयों से संबंधित समस्याओं, रोजगार सृजन एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा उद्यमियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने उद्योग विभाग, विद्युत विभाग, प्रदूषण नियंत्रण, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि उद्योगों की स्थापना से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न किया जाए। भूमि उपलब्धता, विद्युत कनेक्शन, एनओसी एवं अन्य अनुमतियों से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने के लिए लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराने तथा बैंकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, सीएमओ डॉ ए के गुप्ता, सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी, जीएमजीआईसी, उद्योग बंधु से जुड़े पदाधिकारी गण, आदि उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें