देवरिया, 21 फरवरी।जनपद देवरिया की तहसील सलेमपुर में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 93 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 28 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 30, पुलिस विभाग के 7, विकास विभाग के 23 तथा अन्य विभागों के कुल 13 मामले तथा 4 अंत्योदय कार्ड, 8 आवासीय पट्टे, 5 खतौनी सुधार तथा 3 दिव्यांग प्रमाण पत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, देवरिया द्वारा मा० मुख्यमंत्री के सीधे प्रसारण के माध्यम से मा० मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को धनराशि के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनसुनवाई के साथ मानवीय पहल भी की गई। रावतपार अमेठिया, लार निवासी अत्यंत गरीब दंपति—बबलू प्रसाद एवं गुड्डन देवी—को रेडक्रॉस सोसाइटी एवं तहसील प्रशासन के सहयोग से बर्तन, कंबल, गेहूं, चावल, दाल, सोलर लाइट सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराई गई। उल्लेखनीय है कि इस दंपति के पुत्र विनय की दिनांक 02-02-2026 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं से भी आच्छादित किया जाएगा।
तहसील दिवस के अंतर्गत बूथ संख्या 129 के बीएलओ श्री कमलेश कुमार रजक, बूथ संख्या 195 के बीएलओ श्री मुहम्मदुद्दीन तथा बूथ संख्या 03 के बीएलओ श्री महफूज आलम को 100 प्रतिशत मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रीपेंसी एवं फोटो डिस्क्रीपेंसी का कार्य पूर्ण करने पर शॉल, माला एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी के साथ उनका सामूहिक भोजन भी कराया गया।
इसके अतिरिक्त 4 अंत्योदय कार्ड, 8 आवासीय पट्टे, 5 खतौनी सुधार तथा 3 दिव्यांग प्रमाण पत्रों का वितरण भी जिलाधिकारी द्वारा किया गया। अंश निर्धारण हेतु विशेष मंगा कैंप का भी आयोजन किया गया।
समाधान दिवस के अवसर पर 15 क्षयरोग (टीबी) पीड़ित व्यक्तियों को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील द्वारा गोद लिया गया तथा उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई।
जिलाधिकारी ने एसडीएम एवं एएसडीएम न्यायालयों में समय से आख्या/रिपोर्ट प्राप्त न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। एक आवेदक की शिकायत पर समय से रिपोर्ट प्रस्तुत न करने के मामले में एक लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
समाधान दिवस में जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें