* प्रतिमा अनावरण, माल्यार्पण व पदयात्रा के साथ मनाई गई जयंती
देवरिया, 31 अक्टूबर।भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज देवरिया में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर भुजोली कॉलोनी पार्क से एक प्रेरणादायक पदयात्रा का शुभारंभ किया गया, जो शहीद रामचंद्र पार्क में जाकर संपन्न हुई। पदयात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति युवाओं में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, देवरिया (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार), युवा कल्याण विभाग एवं प्रांतीय रक्षक दल तथा जिला प्रशासन देवरिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माय भारत के युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, पी.आर.डी. जवान एवं नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी , विशिष्ट अतिथि एमएलसी रतनपाल सिंह तथा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती अलका सिंह रहीं। सभी अतिथियों ने मिलकर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात अतिथियों ने सरदार पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लौह पुरुष ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ निश्चय और राष्ट्रभक्ति से देश के 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एकता के सूत्र में बांधा।
सांसद श्री शशांक मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि प्रेरणा का दिन है। सरदार पटेल का जीवन हमें सिखाता है कि मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प से कोई भी कार्य असंभव नहीं होता। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
एमएलसी रतनपाल सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व आज भी भारत की एकता का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्र भारत की नींव को मजबूत किया और प्रशासनिक ढांचे को सशक्त बनाने में अहम योगदान दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता के क्षेत्र में भी सरदार पटेल के विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर मय भारत के जिला युवा अधिकारी चन्द्रभूषण चौबे, जिला युवा कल्याण व प्रादेशिक विकास दल अधिकारी पुनीत कुमार क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्री संतोष यादव, अर्जुन सिंह, आशीष सिंह तथा पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री विकास यादव सहित बड़ी संख्या में पी.आर.डी. जवानों और एनसीसी छात्रों ने भाग लिया। पदयात्रा के दौरान युवाओं ने एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के नारे लगाते हुए शहरवासियों को जागरूक किया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने सरदार पटेल के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने भारत की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।
इस तरह देवरिया ने आज लौह पुरुष के आदर्शों को स्मरण करते हुए यह संदेश दिया कि भारत की शक्ति उसकी एकता में निहित है। सरदार पटेल के विचार और आदर्श सदैव राष्ट्र को दिशा देते रहेंगे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें