देवरिया । बृहस्पतिवार की शाम पिकअप और बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें तरकुलवा थाना क्षेत्र के सकतुआं खुर्द गांव निवासी छोटे भाई आर्यन उर्फ अमित राव (23 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि बड़े भाई अभय राव (25 वर्ष) की हालत नाजुक है। दोनों भाई मदनपुर थाना क्षेत्र के मोहरा गांव स्थित अपनी बहन के घर राखी बंधवाने आए थे। जहां से बाइक से दोनों वापस घर जा रहे थे। मौत की जानकारी होने पर घर और रिश्तेदारी का माहौल गमगीन हो गया।
जनपद के तरकुलवां थाना क्षेत्र के सकतुआं खुर्द गांव निवासी आनंद राव उर्फ बिकाऊ के दोनों पुत्र अभय राव और अमित राव मोहरा गांव निवासी हनुमान सिंह, जबकि मनियापार निवासी राममिलन सिंह के घर बहन से राखी बंधवाने आए थे। जहां से दोनों अपने घर लौट रहे थे। दोनों भाई सोनखरिका मोड़ के निकट पहुंचे थे। इसी बीच देवरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची भलुअनी पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने दोनों भाईयों को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। रास्ते में छोटे भाई अमित की मौत हो गई। वहीं अभय की हालत नाजुक है। अमित की मौत की सूचना मिलने पर मां संध्या देवी, जबकि बहनें ममता और नीतू सिंह का रो-रो कर बुरा हाल था।वहीं पिता आनंद बदहवास हो गए थे। त्योहार के दिन हुए हादसे को लेकर गांव और रिश्तेदारी मोहरा-मनियापार में सन्नाटा पसर गया। थानाध्यक्ष भलुअनी इंस्पेक्टर राजेश पांडेय ने बताया कि दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए भेजा गया था। जिसमें एक युवक के मौत की सूचना है जबकि एक का इलाज चल रहा है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें