देवरिया। दुग्ध विकास विभाग द्वारा आयोजित “दुग्ध स्वर्ण महोत्सव” कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित गांधी सभागार में किया गया। विभाग की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई।
सजीव प्रसारण के दौरान अधिकारियों द्वारा दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों एवं लाभार्थियों को आधुनिक तकनीकों, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों को सम्मानित/पुरस्कृत किए जाने की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर वर्ष 2024-25 के चयनित लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना एवं पशुपालकों को नई तकनीकों से जोड़ना रहा।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, पैरावेट्स एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक/पशुपालक उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि करें तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने में सक्रिय योगदान दें।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें