*राहुल गांधी ने एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया लिखित कथन*
*स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने सफाई साक्ष्य के लिए तय की नौ तारीख*
सुलतानपुर। गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित बयान देने से जुड़े मानहानि के मुकदमे में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच अपना बयान दर्ज कराने के लिए हाजिर हुए। अदालत ने मामले में राहुल गाँधी का बयान दर्ज किया,यह कार्यवाही करीब आधा घण्टा तक चली। इस दौरान अपने अधिवक्ता के साथ मौजूद राहुल गांधी ने अपना लिखित कथन भी पेश किया और मात्र राजनैतिक विद्वेषवश फंसाने की बात करते हुए आरोपो को निराधार बताया एवं सफाई साक्ष्य पेश करने के लिए कहा। कोर्ट के समक्ष उनके लिखित कथन की प्रति परिवादी के अधिवक्ता को प्राप्त कराई गई। अदालत ने मामले में राहुल गांधी को सफाई साक्ष्य पेश करने के लिए नौ मार्च की तारीख तय किया है। इस दौरान कोर्ट परिसर के आस-पास बड़ी संख्या में उनके समर्थको की भीड़ जमा रही।
कोतवाली देहात थाने के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्र ने साल 2018 में राहुल गांधी के जरिये गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी से नाराज होकर मानहानि का मुकदमा दायर किया था। मामले में परिवादी पक्ष की गवाही पूरी हो जाने के अदालत राहुल गांधी का बयान दर्ज करने के लिए कई पेशियों से व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश जारी कर रही थी,फिलहाल उनके अधिवक्ता बार-बार कोर्ट से मौका मांग रहे थे। पिछली पेशी पर राहुल गांधी के अधिवक्ता ने मौका अर्जी देकर नियत तिथि पर पेश कराने का कोर्ट को विश्वास दिलाया था। अपने अधिवक्ता को दिए गए आश्वासन के मुताबिक शुक्रवार को राहुल गांधी एमपी-एलएलए कोर्ट में हाजिर हुए और बयान दर्ज कराने की कार्यवाही पूरी किया। तय की गई अगली तारीख पर राहुल गांधी की तरफ से सफाई साक्ष्य पेश किया जाना है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें