देवरिया (सू0वि0) 13 दिसंबर। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने आज रामपुर कारखाना के ग्राम पंचायत नोनिया छापर तथा ग्राम पंचायत चकबन्दी उर्फ प्रानपुर में राशन वितरण दुकान का निरीक्षण कर नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण के स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी आज सुबह सबसे पहले ग्राम पंचायत नोनिया छापर पहुंचे और कोटेदार सूर्यनाथ को शासन की मंशा के अनुरूप अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी योजना के राशनकार्ड धारकों को निर्धारित खाद्य सामग्री एक साथ वितरित करने के सम्बंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी चकबन्दी उर्फ प्रानपुर पहुंचे जहाँ कोटेदार पिंकी देवी से वितरण व्यवस्था के सम्बंध में पूछताछ की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निःशुल्क राशन वितरण दुकान पर अभिलेखों की जाँच की और खाद्य वस्तुओं के भंडारण एवं सप्लाई चेन मैनेजमेंट के विषय में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निःशुल्क खाद्यन्न प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से दुकान पर मिल रही सामग्रियों के बारे में पूछा, जिस पर लाभार्थियों ने सन्तोष जताया।
जिलाधिकारी ने बताया कि दिसंबर से माह मार्च 2022 तक पात्र व्यक्तियों को चावल, गेहूँ, नमक, चना और तेल (कुल पाँच वस्तुएं) एक साथ निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। उक्त वस्तुओं की आपूर्ति नेफेड द्वारा की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जनपद के सभी ब्लॉकों में खाद्यान्न वितरण प्रारम्भ किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्यान्न वितरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, रामपुर कारखाना के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी फणीश्वर त्रिपाठी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें